रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। हारने वाली सीटों पर फोकस करने के कांग्रेस के बयान पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का भविष्य अंधकारमय है। मीडिया से चर्चा में अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो नेतृत्व है और न ही नीयत। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस “अर्बन नक्सल” की तरह देश में भ्रम और अफवाह फैलाने का काम कर रही है और पूरी तरह से एक्सपोज हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस से दूरी बना चुकी है, ऐसे में उसे किसी तरह का राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी गई है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में अब सकारात्मक माहौल बना है और बस्तर तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बस्तर को देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाने का संकल्प भी जल्द पूरा होगा। कांग्रेस द्वारा अमित शाह के दौरे को उद्योगपतियों के लिए जमीन देखने से जोड़ने वाले बयान पर पलटवार करते हुए साव ने कहा कि यह केवल अफवाह है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार भ्रामक बयान देकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को बस्तर की वास्तविक समस्याओं—पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और सड़क निर्माण—की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि बस्तर ओलंपिक में 3 लाख 91 हजार आदिवासी युवाओं ने पंजीयन कराया, लेकिन कांग्रेस को इसकी भी परवाह नहीं है सुशासन तिहार” के दौरान कांग्रेस द्वारा सरकार की खामियां गिनाने की बात पर साव ने कहा कि जनता कांग्रेस को अपने दिल और घर से निकाल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को देश की जनता पहले ही नकार चुकी है। वहीं पद्मश्री फूलबासन यादव के कथित अपहरण प्रयास के मामले पर उन्होंने कहा कि इस तरह की जानकारी उन्हें भी मिली है और प्रशासन इस पर संज्ञान लेगा। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ का माहौल ऐसा नहीं है, जैसा कांग्रेस पेश करने की कोशिश कर रही है। अंत में कांग्रेस पर हमला करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया था और अब उसी पार्टी के नेता इस तरह के आरोप लगा रहे हैं, जो समझ से परे है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 मई 2026