व्यापार
06-May-2026


-कंपनी ने प्रत्येक शेयर पर 75 रुपए के अंतिम डिविडेंड की सिफारिश की नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने मार्च 2026 तिमाही में मजबूत बिक्री के दम पर कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 26 फीसदी बढ़कर 1,473.92 करोड़ रुपए हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1,168.75 करोड़ था। कंपनी की आय भी बढ़ी है। मार्च तिमाही में ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू बढ़कर 12,978.28 करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 9,969.81 करोड़ था। तिमाही में कंपनी ने 17.14 लाख वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल के मुकाबले 24 फीसदी ज्यादा है। वहीं, कुल खर्च बढ़कर 11,295.53 करोड़ हो गया, जो पिछले साल 8,750.13 करोड़ था। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा बढ़कर 5,775.7 करोड़ रहा, जबकि 2025 में यह 4,375.81 करोड़ रुपए था। वहीं, पूरे साल का रेवेन्यू 47,411.24 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले वित्त वर्ष में 40,923.42 करोड़ रुपए था। कंपनी के सीईओ हर्षवर्धन चितले ने कहा कि 2026 कंपनी के लिए खास साल रहा। प्रीमियम और इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो के साथ घरेलू और वैश्विक बाजारों में मजबूत मांग से कंपनी को अच्छा फायदा हुआ। हीरो मोटोकॉर्प ने अपने शेयरधारकों के लिए 2 रुपए फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 75 रुपए के अंतिम डिविडेंड की सिफारिश की है। कंपनी ने डिविडेंड पाने के पात्र शेयरधारकों की पहचान के लिए 24 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है। इसके अलावा, कंपनी के बोर्ड ने पवन मुंजाल को 1 अक्टूबर 2026 से अगले पांच साल के लिए फिर से एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी। सिराज/ईएमएस 06मई26