राष्ट्रीय
06-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक चुनावी जीत के बाद सरकार गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले भारतीय जनता पार्टी शीर्ष स्तर पर रणनीतिक बैठकों का दौर शुरू करने जा रही है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार शाम बंगाल पहुंचेंगे, जहां वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों और पार्टी की कोर टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। सूत्रों के अनुसार यह बैठक सरकार गठन, विधायक दल के नेता के चयन, मंत्रिमंडल की रूपरेखा और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि अमित शाह बंगाल पहुंचने से पहले बिहार में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे और वहां से सीधे कोलकाता रवाना होंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बंगाल पहुंचते ही अमित शाह वरिष्ठ नेताओं, संगठन पदाधिकारियों और कोर समिति के सदस्यों के साथ बंद कमरे में चर्चा करेंगे। बैठक में चुनाव के बाद बने राजनीतिक माहौल, संगठनात्मक तैयारियों, कानून व्यवस्था और नई सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से विचार किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी ने अमित शाह को बंगाल में विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि आगामी बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम सहमति बन सकती है। शपथ ग्रहण समारोह नौ मई को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित होने की संभावना है, जिसकी तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। सुबोध/०६-०५-२०२६