चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी को समर्थन देने के कांग्रेस के फैसले ने पुराने राजनीतिक समीकरणों को झटका दिया है। इस फैसले के बाद द्डीएमके ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे खुला विश्वासघात करार दिया है। डीएमके के वरिष्ठ नेता टी. आर. बालू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने हर कठिन दौर में कांग्रेस का साथ दिया, लेकिन सत्ता के समीकरण बदलते ही कांग्रेस ने अपना असली चरित्र दिखा दिया। उन्होंने कहा कि वर्षों पुराने राजनीतिक और वैचारिक संबंधों को एक झटके में तोड़ देना अवसरवादी राजनीति का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में दोनों दलों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा और जनता ने गठबंधन पर भरोसा जताते हुए समर्थन दिया, लेकिन अब उसी जनादेश के साथ विश्वासघात किया गया है। उनका कहना था कि जिन मतदाताओं ने गठबंधन के नाम पर मतदान किया, उनके भरोसे को तोड़ा गया है। टी. आर. बालू ने कांग्रेस पर विरोधी खेमे में जाकर सत्ता के लिए समझौता करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक अवसरवाद को विचारधारा का नाम देकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब कांग्रेस की खोखली सच्चाई पूरी तरह सामने आ चुकी है। सुबोध/०६-०५-२०२६