-कई इलाकों में झड़पें, अब तक 4 की मौत -चुनाव आयोग और प्रशासन हुआ सख्त कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद से शुरू हुई हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही झड़पों ने साल 2021 के चुनाव बाद हुए घटनाक्रम की यादें ताजा करा दी हैं। अब तक कम से कम चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। चुनाव के दौरान भारी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती के चलते मतदान प्रक्रिया अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण रही, लेकिन नतीजे घोषित होने के बाद स्थिति तेजी से बिगड़ती चली गई। कई जगहों पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों पर हमले, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा पार्टी समर्थकों और कार्यकर्ताओं के घरों को भी निशाना बनाया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। ज्ञानेश ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश बंगाल में स्थिति गंभीर होते देख मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राज्य के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए हर संभव कदम उठाने को कहा गया है। अराजकता बर्दाश्त नहीं: पुलिस आयुक्त् वहीं कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय नंद ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हिंसा में शामिल तत्वों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, विजय जुलूसों में बुलडोज़र के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी गई है, ताकि स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सके। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, लेकिन ताजा घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि राज्य में शांति बहाल करना अभी भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। हिदायत/ईएमएस 06मई26