* “अरेबियन प्रोडक्ट” लिखे पैकेटों ने बढ़ाई चिंता, पाकिस्तानी नाव मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट कच्छ (ईएमएस)| गुजरात के कच्छ जिले के नारायण सरोवर क्षेत्र से एक बार फिर संदिग्ध मादक पदार्थों की बड़ी खेप मिलने से हड़कंप मच गया है। सुगर क्रीक टापू के पास समुद्र में बिनवारसी हालत में 10 पैकेट बरामद किए गए हैं। पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में यह अहम खुलासा हुआ है। प्राथमिक जांच के अनुसार, प्रत्येक पैकेट का वजन करीब 1 किलोग्राम बताया जा रहा है। इन पैकेटों पर “अरेबियन प्रोडक्ट” लिखा हुआ मिला है, जिससे इनके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। लंबे समय तक समुद्री पानी और मिट्टी में पड़े रहने के कारण ये पैकेट नम अवस्था में पाए गए। नारायण सरोवर पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और बरामद सामग्री को जांच के लिए एफएसएल भेज दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि यह खेप समुद्री रास्ते से सरहद पार से आई हो सकती है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही लखपत के रोडासर-मेडी के पास सुगर बेट क्षेत्र से भी चरस के 10 पैकेट बरामद किए गए थे, जो बीएसएफ की पेट्रोलिंग के दौरान मिले थे। इसी बीच, कोटेश्वर के पास समुद्र में एक पाकिस्तानी नाव भी बिनवारसी हालत में तैरती हुई मिली है। बीएसएफ ने पेट्रोलिंग के दौरान इस नाव को कब्जे में लिया, हालांकि उसमें कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। नाव में केवल मछली पकड़ने का सामान बरामद हुआ है। लगातार मिल रही इन घटनाओं के बाद समुद्री सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और तटीय इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। सतीश/06 मई