राष्ट्रीय
06-May-2026


* 3 सीटों पर भाजपा का दबदबा, कांग्रेस के लिए शक्तिसिंह गोहिल की सीट बचाना बड़ी चुनौती अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात की राजनीति में आगामी जून माह में बड़ा सियासी गरमाहट देखने को मिल सकती है, क्योंकि राज्यसभा की चार महत्वपूर्ण सीटें खाली होने जा रही हैं। इन सीटों पर मौजूदा सांसदों का छह वर्ष का कार्यकाल पूरा हो रहा है, जिसके बाद निर्वाचन आयोग जल्द ही चुनाव की घोषणा कर सकता है। इन चार सीटों में से तीन पर वर्तमान में भाजपा का कब्जा है, जबकि एक सीट कांग्रेस के पास है। यह सीट कांग्रेस के लिए सबसे अहम मानी जा रही है, क्योंकि यह गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शक्ति सिंह गोहिल के पास है। वे इस समय राज्य से कांग्रेस के एकमात्र राज्यसभा सांसद हैं। विधानसभा में कांग्रेस के कमजोर संख्याबल को देखते हुए इस सीट को बनाए रखना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। दूसरी ओर, सत्तारूढ़ भाजपा के तीन अनुभवी सांसदों का कार्यकाल भी जून में समाप्त हो रहा है। इनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री नरहरि अमीन, आदिवासी नेता रमिला बारा और सौराष्ट्र क्षेत्र के प्रमुख नेता राम मोकरीया शामिल हैं। गांधीनगर सचिवालय में इस चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा जहां चारों सीटें फिर से जीतने की रणनीति बना रही है, वहीं विपक्ष अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ता नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि मई के अंत तक निर्वाचन आयोग चुनाव की अधिसूचना जारी कर सकता है। ऐसे में सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा क्या पुराने चेहरों को दोबारा मौका देती है या नए चेहरों को आगे लाती है। खासकर रमिला बारा की जगह किसी नए महिला चेहरे और राम मोकरीया की जगह किसी ओबीसी नेता को मौका मिलने की संभावना पर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। सतीश/06 मई