-30 लोगों को सुरक्षित निकाला गया भुवनेश्वर,(ईएमएस)। भुवनेश्वर में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में रिहायशी इमारत में आग लगने से 10 साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 4 बजे बसंती विला अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड विश्वजीत बेहरा (70) और सुलता बेहरा (65) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों आग लगने के बाद इमारत में फंस गए थे और बाहर नहीं निकल सके। वहीं, 10 वर्षीय तेजस्विनी बेहरा को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इमारत में फंसे करीब 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर रिहायशी इमारतों में अग्नि सुरक्षा उपायों की जरूरत और सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिदायत/ईएमएस 06मई26