बुरहानपुर प्रवास के दौरान शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस; जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अर्पित किए पुष्प :: बुरहानपुर/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को बुरहानपुर प्रवास के दौरान खंडवा-बुरहानपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के निवास पहुँचकर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने सांसद के अनुज दिवंगत विश्वनाथ पाटिल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। डॉ. यादव ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया और ईश्वर से प्रार्थना की कि वे परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस अवसर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में प्रदेश के जल संसाधन विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक मंजू दादू, खण्डवा विधायक कंचन तन्वे, नगर निगम महापौर माधुरी पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि अर्पित करने के दौरान इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, आईजी अनुराग, बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कुछ समय रुककर परिवार के सदस्यों से चर्चा की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।