- वित्त वर्ष 2027 में उच्च एक अंक की बिक्री वृद्धि का अनुमान नई दिल्ली (ईएमएस)। हीरो मोटोकॉर्प के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारतीय दोपहिया उद्योग वित्त वर्ष 2027 में बिक्री में उच्च एक-अंक की वृद्धि दर्ज करने के लिए तैयार है। उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष से कमोडिटी कीमतों में वृद्धि के बावजूद देशभर में मोटरसाइकलों और स्कूटरों की मजबूत मांग का हवाला दिया, जो इस वृद्धि का मुख्य कारण बनेगी। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026 में भारत में लगभग 2.171 करोड़ दोपहिया वाहन बेचे गए, जो सालाना 10.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। इसका मुख्य कारण सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में की गई कटौती थी। उन्होंने जोर दिया कि उद्योग वित्त वर्ष 2027 में मोटरसाइकलों के साथ-साथ स्कूटरों में भी इजाफे की उम्मीद कर रहा है। बाजार विश्लेषकों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि अप्रैल और मई की शुरुआत में मांग में अभी तक कोई नरमी नहीं आई है, क्योंकि उत्पादन लागत में हुई बढ़ोतरी का पूरा बोझ अभी तक ग्राहकों पर नहीं डाला गया है। उन्होंने ई-कॉमर्स के विस्तार और गिग इकॉनमी की बढ़ती मांग जैसे बुनियादी कारकों को भी बिक्री बढ़ाने में सहायक बताया। हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी स्कूटर रणनीति को मजबूत करते हुए वित्त वर्ष 2026 में डेस्टिनी स्कूटर की निर्माण क्षमता 50 प्रतिशत बढ़ाई है और अपने ज़ूम स्कूटर की क्षमता एक तिमाही में दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी के लिए इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) भी एक प्राथमिकता वाला क्षेत्र बना हुआ है, जिसमें मॉडल विकास में लगातार निवेश किया जा रहा है। चितले ने अल्पावधि दबाव के बावजूद कंपनी के लिए 14 से 16 प्रतिशत के बीच मार्जिन बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। सतीश मोरे/07मई ---