शिवपुरी ( ईएमएस ) कलेक्टर ने ग्रामीणों से पानी, बिजली, सड़क, राशन और आवास जैसी आवश्यक सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। जनपद पंचायत पोहरी की ग्राम पंचायत एसवाया के अहेरा एवं मुड़खेड़ा गांव में प्रशासन का एक अनोखा और संवेदनशील चेहरा देखने को मिला, जब कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने दोनों गांव में रुककर जन-चौपाल लगाई, अधिकारियों की इस पहल ने गांव में चर्चा का माहौल बना दिया और लोगों के बीच प्रशासन के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ। ग्राम अहेरा एवं मुड़खेड़ा गांव पहुंचने पर कलेक्टर ने सबसे पहले जन-चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय योजनाओं की जमीनी स्थिति जानी और लोगों से पूछा कि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। चौपाल में किसानों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। गांव में पेयजल, सड़क, बिजली, राशन वितरण और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई शिकायतें सामने आईं। आम लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान खास बात यह रही कि कलेक्टर ने सिर्फ शिकायतें सुनकर औपचारिकता नहीं निभाई, बल्कि सभी मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा गया, जिससे कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण भी हुआ। यह दृश्य किसी फिल्मी कहानी जैसा लगा, जहां आम लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाता है। दौरे के दौरान कलेक्टर ने गांव के बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के बारे में बात की और उन्हें शिक्षा के महत्व को समझाया। खरंजा स्थल देखने पहुंचे कलेक्टर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्या सुनीं। एक आवेदन द्वारा उन्हें बताया गया कि उनके गांव जहां वे निवास करते हुए उस स्थल पर खरंजा नहीं है, जिस पर कलेक्टर श्री वर्मा ने ग्रामीण से कहा कि अभी हमें उस स्थल पर ले जा सकते हो क्या, ग्रामीण बोला हां सर ले जा सकता हूं। कलेक्टर रात्रि में ही उस स्थल को देखने पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को खरंजा एवं सड़क निर्माण के निर्देश दिए। ग्राम मुड़खेड़ा में आंगनवाड़ी में खाना बांटने वाले समूह को हटाने के दिए निर्देश कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने रात्रि चौपाल में प्राप्त अनियमितता की शिकायत के आधार पर आंगनवाड़ी केन्द्र मुड़खेड़ा में खाना बांटने वाले समूह को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि खाना बांटने वाला समूह कभी कभी खाना बांटने आता है और समय पर नहीं आता। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विजय राज और एसडीएम अनुपम शर्मा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।