क्षेत्रीय
07-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। शहर के बाहरी इलाके में सड़क हादसे का शिकार हुए एक नीलगाय के बच्चे को गौरक्षा सेना के सजग सदस्यों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू किया। टूटे पैर के साथ दर्द से छटपटा रहा यह वन्यजीव घबराहट में भागने की कोशिश कर रहा था। करीब आधे घंटे तक रात के अंधेरे में चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में नीलगाय के बच्चे को सुरक्षित पकड़कर उपचार के लिए केंद्र पहुंचाया गया। इस पूरे घटनाक्रम में वन्यजीव को बचाते समय रेस्क्यू टीम के तीन सदस्य भी चोटिल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 मई की रात्रि करीब 9 बजे गौरक्षा सेना को सूचना मिली थी कि शाजापुर से लगभग 5 किलोमीटर दूर सतगांव से पहले बाबा वेयरहाउस के सामने एक नीलगाय के बच्चे का किसी अज्ञात वाहन से एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही टीम के सदस्य तत्काल मौके पर पहुंचे। घटना के बाद घायल बच्चा धीरे-धीरे खिसक कर सतगांव के बल्डे की ओर पहुंच चुका था। अंधेरे में रेस्क्यू करना रहा चुनौतीपूर्ण मौके पर पहुंची टीम ने जब उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो पैर टूटा होने के बावजूद वह बुरी तरह घबराकर भागने लगा। रात का अंधेरा होने के कारण उसे सुरक्षित पकड़ना टीम के लिए काफी चुनौतीपूर्ण था। नीलगाय के बच्चे ने बचने की जद्दोजहद में छटपटाहट दिखाई, जिससे गौरक्षा सेना के तीन सदस्य घायल हो गए। इसके बावजूद सदस्यों ने अपना साहस और धैर्य बनाए रखा और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित रूप से काबू में कर लिया। रेस्क्यू के तुरंत बाद टीम ने एक ऑटो रिक्शा की मदद ली और घायल वन्यजीव को शहर के गौ उपचार केंद्र (कांजी हाउस) लेकर आए। यहां पशु चिकित्सकों की सलाह पर उसका प्राथमिक उपचार किया गया। मामले की वन विभाग को भी सूचना दी गई। ईएमएस / 07/05/2026