औरंगाबाद, (ईएमएस)। बिहार के औरंगाबाद जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा एनएच-139 के दाउदनगर-पटना मुख्य मार्ग पर अकबरपुर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से तरारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दाउदनगर की तरफ से तेज गति में आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने गड्ढेनुमा हिस्से में पलट गई। स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, एयरबैग खुल जाने के कारण उसमें सवार लोगों की जान बच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए चालक और अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उधर घटना की सूचना मिलते ही दाउदनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। मृतकों की पहचान सोनू और साहिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों घनिष्ठ मित्र थे और साथ मिलकर वीडियोग्राफी का काम करते थे। किसी काम से तरारी जाते समय यह हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-139 को जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सड़क सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। लोगों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और एनएच-139 को फोरलेन बनाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई में कर रही है। संतोष झा- ११ मई/२०२६/ईएमएस