क्षेत्रीय
12-May-2026
...


- रिश्तों पर भी पड़ रहा असर, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार धमतरी (ईएमएस)। जिले के कुरूद विकासखंड स्थित ग्राम कल्ले इन दिनों गंभीर सामाजिक संकट से गुजर रहा है। गांव में लंबे समय से चल रही अवैध शराब बिक्री ने न सिर्फ कानून व्यवस्था को चुनौती दी है, बल्कि युवाओं के भविष्य और सामाजिक ताने-बाने को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब 10 वर्षों से गांव में अवैध शराब का कारोबार लगातार चल रहा है। हालत यह है कि गांव की गलियों में नशे में धुत लोगों का जमावड़ा आम बात हो गई है, जहां गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। सबसे गंभीर असर युवाओं और युवतियों के जीवन पर पड़ रहा है। गांव के कई परिवारों के बच्चों की शादी तय नहीं हो पा रही है। अन्य गांवों से जब रिश्ते की बात चलती है तो लोग साफ इनकार कर देते हैं कि जहां शराब का इतना प्रचलन हो, वहां रिश्ता जोड़ना सुरक्षित नहीं है। इसी तरह लड़कियों के लिए भी इस गांव में रिश्ता आने में भारी दिक्कतें सामने आ रही हैं। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि कई युवाओं की उम्र निकलती जा रही है और परिवारों में चिंता का माहौल है। माता-पिता का कहना है कि सामाजिक बदनामी के कारण बाहर के लोग गांव में रिश्ता जोड़ने से बचते हैं। इस समस्या से परेशान होकर बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे और कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस और आबकारी विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। प्रतिनिधियों में सरपंच जया संदीप डहरिया सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। उनका कहना है कि अगर जल्द अवैध शराब कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो वे आंदोलन, धरना और चक्काजाम करने को मजबूर होंगे। अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले को पुलिस अधीक्षक को भेजा जाएगा। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल कानून व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि उनके गांव की आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का सवाल बन चुका है। - (ईएमएस) 12 मई 2026