राष्ट्रीय
12-May-2026


लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार शाम अहम बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में बदलते हालात के बीच प्रदेश में नई प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार बैठक में विद्यालयों, महाविद्यालयों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करने की संभावनाओं पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही सरकारी और निजी कार्यालयों में कर्मचारियों के लिए घर से काम की व्यवस्था लागू करने पर भी गंभीर विचार-विमर्श हुआ। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डिजिटल शिक्षा और दूरस्थ कार्य व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिए जाने के बाद प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठक में सभी विभागों के बीच समन्वय, तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता और आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों को संभावित व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए जा सकते हैं। यदि फैसला लागू होता है तो उत्तर प्रदेश में लाखों विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सुबोध/१२-०५-२०२६