राष्ट्रीय
12-May-2026
...


:: तीखी प्रतिक्रिया : कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, कहा- आर्थिक व्यवस्था नहीं संभल रही तो पद छोड़ें :: इंदौर/नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई 7 अपीलों पर राजनैतिक घमासान तेज हो गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इन अपीलों को जनता पर थोपने से पहले स्वयं और अपने तंत्र पर लागू करने की चुनौती दी है। पटेल ने दो-टूक कहा है कि प्रधानमंत्री, उनका मंत्रिमंडल और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री पहले इन अपीलों का पालन कर मिसाल पेश करें, अन्यथा नैतिकता के नाते पद छोड़ दें। सत्यनारायण पटेल ने प्रधानमंत्री के समक्ष पांच सूत्रीय मांगें रखते हुए कहा कि जब पीएम डीजल-पेट्रोल बचाने और विदेश यात्रा न करने की बात करते हैं, तो उन्हें स्वयं एक वर्ष तक विदेशी दौरों पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री की भौतिक उपस्थिति पर होने वाले करोड़ों के खर्च को सरकारी खजाने की बर्बादी बताया और सुझाव दिया कि ऐसे आयोजन वर्चुअल माध्यम से किए जाएं। पटेल ने नेताओं के भारी-भरकम सुरक्षा घेरे और अनावश्यक वाहन उपयोग पर भी अंकुश लगाने की मांग की है। प्रधानमंत्री की सोने की खरीद कम करने की सलाह पर कटाक्ष करते हुए पटेल ने कहा कि जनता को नसीहत देने वाली सरकार पहले अपने नेताओं और उच्चाधिकारियों की संपत्ति और सोने की स्व-घोषणा सार्वजनिक करे। वहीं, वर्क फ्रॉम होम के सुझाव पर उन्होंने मांग की कि सबसे पहले प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और मंत्रालयों में इसे लागू कर उदाहरण पेश किया जाए। पटेल ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी अपनी विलासिता में व्यस्त हैं और आम नागरिक महंगाई की मार झेल रहा है। कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश आज भी नोटबंदी और कोरोना काल के कुप्रबंधन को भूला नहीं है। अच्छे दिन के नाम पर जनता को सिर्फ महंगाई और बेरोजगारी मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि न काला धन आया और न ही स्मार्ट सिटी का सपना पूरा हुआ। पटेल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि लोकतंत्र की संस्थाओं का दुरुपयोग करने वाली भाजपा को अब जनता को उपदेश देना बंद कर देना चाहिए और यदि वे इन अपीलों को स्वयं पर लागू नहीं कर सकते, तो बागडोर किसी सक्षम व्यक्ति को सौंप देनी चाहिए। प्रकाश/12 मई 2026