राष्ट्रीय
12-May-2026


पुंछ (ईएमएस)। जम्मू और कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना ने एक बड़ी घुसपैठ की कोशिश को विफल कर दिया। सेना की सतर्क निगरानी और त्वरित कार्रवाई के दौरान 1 घुसपैठिया मार गिराया गया, जबकि पूरे इलाके में तलाशी और निगरानी अभियान लगातार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार पुंछ के कृष्णा घाटी क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 4 बजे संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। सेना के जवान लगातार सीमा क्षेत्र पर नजर बनाए हुए थे। इसी दौरान भारतीय सीमा के भीतर लगभग 300 मीटर अंदर कुछ संदिग्ध हलचल दिखाई दी। सूचना मिलते ही जवान तुरंत सक्रिय हुए और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। सेना ने संदिग्धों को रुकने की चेतावनी दी, लेकिन दूसरी ओर से जवाब नहीं मिलने पर मुठभेड़ शुरू हो गई। कुछ देर चली गोलीबारी के बाद 1 घुसपैठिया ढेर हो गया। सेना ने यह भी सुनिश्चित किया कि सीमा सुरक्षा में किसी प्रकार की सेंध न लग सके। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार मारा गया घुसपैठिया सीमा पार सक्रिय आतंकवादी संगठन से जुड़ा हो सकता है और भारतीय सीमा में घुसकर किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में था। सुबोध/१२-०५-२०२६