राज्य
12-May-2026


* 30 जून 2026 तक सभी लाभार्थी किसानों के लिए ई-केवायसी अनिवार्य, सरकार ने जारी किए नए निर्देश गांधीनगर (ईएमएस)| भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नए नियमों के अनुसार अब योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए सभी पंजीकृत किसान लाभार्थियों को हर वर्ष बायोमेट्रिक अथवा फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से वार्षिक ई-केवायसी कराना अनिवार्य होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि अब केवल उन्हीं किसानों को पीएम-किसान योजना की आर्थिक सहायता मिलेगी, जिन्होंने बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए ई-केवायसी प्रक्रिया पूरी की होगी। खेती नियामक कार्यालय के अनुसार लाभार्थियों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष की पहली किस्त जारी होने से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। * वर्ष 2026-27 के लिए ई-केवायसी प्रक्रिया शुरू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक ई-केवायसी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य के सभी लाभार्थी किसानों को 30 जून 2026 तक ई-केवायसी अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया है। * किसान इन 3 आसान तरीकों से कर सकते हैं ई-केवायसी 1. फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर किसान ग्राम सेवक या विलेज नोडल अधिकारी से संपर्क कर पीएम-किसान मोबाइल ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन करवा सकते हैं। 2. बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के माध्यम से किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) या ई-ग्राम केंद्र पर जाकर बायोमेट्रिक आधारित ई-केवायसी करवा सकते हैं। 3. पीएम-किसान मोबाइल ऐप से स्वयं लाभार्थी किसान स्वयं भी पीएम-किसान मोबाइल ऐप में लाभार्थी के रूप में लॉगिन कर आधार नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन कर सकते हैं। इस सुविधा के जरिए एक लाभार्थी अपना तथा अन्य 100 किसानों का ई-केवायसी भी कर सकता है। * बाहर रहने वाले किसान भी कर सकेंगे प्रक्रिया पूरी खेती नियामक कार्यालय ने कहा है कि जो लाभार्थी किसान बाहरगांव में रह रहे हैं या किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं, वे भी जहां मौजूद हैं वहीं से उपरोक्त किसी भी माध्यम का उपयोग कर निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवायसी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। * समय पर ई-केवायसी नहीं कराने पर रुक सकती है किस्त अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते ई-केवायसी प्रक्रिया पूरी कर लें, अन्यथा पीएम-किसान योजना की आगामी किस्त प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। सतीश/12 मई