राष्ट्रीय
12-May-2026


मुर्शिदाबाद (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की डोमकल विधानसभा में चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस से जुड़े कई स्थानीय नेताओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने पार्टी छोड़कर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का दामन थाम लिया है, जिसके बाद क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। रायपुर ग्राम पंचायत की प्रधान सखीना बीबी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रिंटू मंडल और पंचायत के 10 सदस्य एक साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। इस अचानक हुए राजनीतिक बदलाव ने स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद नेताओं ने आरोप लगाया कि तृणमूल के भीतर बेईमानी और आंतरिक असंतोष बढ़ता जा रहा था, जिसकी वजह से पार्टी छोड़ने का फैसला लिया गया। वहीं तृणमूल के स्थानीय नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि यह विचारधारा नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रभाव और पद बचाने की कोशिश है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डोमकल में कांग्रेस पहले से तीसरी ताकत रही है। ऐसे में नए नेताओं के शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिल सकती है, लेकिन पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय चुनौती बन सकता है। आने वाले दिनों में यह दल-बदल स्थानीय राजनीति की दिशा तय कर सकता है। सुबोध/१२-०५-२०२६