* यौन उत्पीड़न निरोधक कानून और लैंगिक संवेदनशीलता विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न गांधीनगर (ईएमएस)| गांधीनगर स्थित स्वर्णिम संकुल-2 के द्वारका सभागार में 11 और 12 मई, 2026 को “कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी कानून, 2013 तथा लैंगिक संवेदनशीलता” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर मौजूद लैंगिक पूर्वाग्रहों की पहचान कर अधिक संवेदनशील, समानतापूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार को प्रोत्साहित करना था। प्रशिक्षण के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों में कार्यस्थल पर गरिमापूर्ण व्यवहार, समान भागीदारी और समावेशी वातावरण निर्माण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत मार्गदर्शन दिया। 11 मई को योगिता आहूजा ने तथा 12 मई को अहमदाबाद महिला कार्य समूह की सचिव डॉ. जरणा पाठक ने प्रतिभागियों को कानून की विभिन्न व्यवस्थाओं, शिकायत निवारण प्रणाली और सुरक्षित कार्यस्थल निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता, समानता और समावेशी दृष्टिकोण विकसित करना तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। राज्य सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत लैंगिक संसाधन केंद्र द्वारा सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए इस विशेष प्रशिक्षण का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों के ज्ञान और समझ में हुई वृद्धि का मूल्यांकन उत्तर-परीक्षण के माध्यम से किया गया। सतीश/13 मई