राज्य
13-May-2026


- जुर्माने में 63 प्रतिशत और पकड़े गए मामलों में 23 प्रतिशत की हुई वृद्धि मुंबई, (ईएमएस)। मध्य रेल अपने सम्मानित यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करने की अपनी अटूट प्रतिबद्धता के तहत, अपने पूरे नेटवर्क में अनधिकृत और बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के प्रयासों को तेज कर रहा है। तेज और व्यवस्थित टिकट जांच अभियानों के माध्यम से, मध्य रेल ने अप्रैल 2026 में महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं। अप्रैल 2026 के दौरान, मध्य रेल की टिकट जांच टीमों ने बिना टिकट यात्रा कर रहे 4.96 लाख यात्रियों को पकड़ा, जिनके पास अनुचित या अमान्य यात्रा प्राधिकरण था, जबकि पिछले वर्ष अप्रैल में यह संख्या 4.04 लाख थी, जो लगभग 23 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। अप्रैल 2026 में अपराधियों से जुर्माने के रूप में 40.85 करोड़ रुपये वसूले गए, जबकि पिछले वर्ष अप्रैल में यह राशि 25.03 करोड़ रुपये थी, जो 63 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाती है। अप्रैल 2026 के दौरान बिना टिकट/वैध टिकट के यात्रा करते पकड़े गए यात्रियों का मंडलवार विवरण और उनसे वसूल की गई जुर्माने की राशि इस प्रकार है- * मुंबई मंडल: 2.27 लाख मामलों से 16.13 करोड़ रुपये, * भुसावल मंडल: 1.09 लाख मामलों से 12.23 करोड़ रुपये, * पुणे मंडल: 0.52 लाख मामलों से 4.54 करोड़ रुपये, * नागपुर मंडल: 0.58 लाख मामलों से 3.92 करोड़ रुपये, * सोलापुर मंडल: 0.25 लाख मामलों से 1.45 करोड़ रुपये और * मुख्यालय: 0.26 लाख मामलों से 2.58 करोड़ रुपये * उपनगरीय तथा मेल एवं एक्सप्रेस मामले मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के अलावा, मुंबई और पुणे मंडल अपने नेटवर्क पर उपनगरीय ट्रेनें भी चलाते हैं। मुंबई मंडल प्रतिदिन 1820 उपनगरीय सेवाएं संचालित करता है, जिनमें 108 एसी लोकल सेवाएं शामिल हैं, जबकि पुणे मंडल प्रतिदिन 40 उपनगरीय सेवाएं संचालित करता है। - मुंबई मंडल में, कुल 2.27 लाख मामलों में से 1.34 लाख उपनगरीय मामले हैं, जबकि 93,524 गैर-उपनगरीय मामले हैं। जुर्माने के रूप में वसूल की गई कुल 16.13 करोड़ रुपये की राशि में से 6.64 करोड़ रुपये उपनगरीय मामलों से और 9.49 करोड़ रुपये गैर-उपनगरीय मामलों से प्राप्त हुए हैं। इसमें एसी लोकल ट्रेनों के 12,698 मामले और अनधिकृत एसी लोकल यात्रियों से जुर्माने के रूप में वसूल की गई 39.66 लाख रुपये की राशि शामिल है। - पुणे मंडल में कुल 51,791 मामलों में से 9,611 उपनगरीय मामले हैं जबकि 42,180 गैर-उपनगरीय मामले हैं। जुर्माने के रूप में वसूल की गई कुल 4.54 करोड़ रुपये की राशि में से 0.52 करोड़ रुपये उपनगरीय मामलों से और 4.02 करोड़ रुपये गैर-उपनगरीय मामलों से प्राप्त हुए हैं। मध्य रेल यात्रियों से अपील करता है कि वे उचित और वैध टिकट खरीदकर गरिमा और जिम्मेदारी के साथ यात्रा करें ताकि असुविधा और जुर्माने से बचा जा सके। रेलवे बिना टिकट यात्रा के प्रति अपनी शून्य-सहिष्णुता नीति को दोहराता है और यात्रियों को आरामदायक और गरिमापूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। संतोष झा- १३ मई/२०२६/ईएमएस