राज्य
13-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा अनुमान के मुताबिक, इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य समय से पहले दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं और मई के इस सप्ताह के अंत तक इसके अंडमान-निकोबार क्षेत्र में पहुंचने की प्रबल संभावना है। आमतौर पर मानसून 20 मई के आसपास अंडमान में प्रवेश करता है, लेकिन इस बार परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि मानसून अपने तय समय से करीब 5 से 6 दिन पहले अंडमान पहुंच सकता है। यदि ऐसा होता है, तो देश के अन्य हिस्सों, खासकर दक्षिण भारत और महाराष्ट्र में भी मानसून की गतिविधियां जल्दी देखने को मिल सकती हैं। एक तरफ मानसून के जल्दी आने की संभावना से राहत की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र के कई हिस्सों में फिलहाल गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। आईएमडी ने अगले तीन दिनों के लिए मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से अकोला और नंदुरबार जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे हालात गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और दोपहर के समय धूप से बचें। बहरहाल भीषण उमस और तेज गर्मी से परेशान लोग अब मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अगर मानसून समय से पहले आगे बढ़ता है, तो किसानों से लेकर आम नागरिकों तक सभी को बड़ी राहत मिल सकती है। संजय/संतोष झा- १३ मई/२०२६/ईएमएस