नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार राजस्व एवं खाद्य विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोहागपुर क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग के विरुद्ध जांच अभियान चलाया गया। कार्यवाही के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों पर जांच की गई, जिसमें घरेलू उपयोग हेतु निर्धारित गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक गतिविधियों में उपयोग पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग गैस वितरण संबंधी नियमों के विरुद्ध है तथा इस प्रकार की अनियमितताओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की है कि गैस सिलेंडरों का उपयोग निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुसार ही करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस / 13/05/2026