नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में सिटी मजिस्ट्रेट श्री देवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा नगर पालिका नर्मदापुरम क्षेत्र में अमृत योजना अंतर्गत पेयजल वितरण पाइपलाइन एवं एमपीयूडीसी द्वारा शहर में संचालित सीवर लाइन के प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नर्मदा महाविद्यालय के समीप मुख्य मार्ग पर संचालित पेयजल पाइपलाइन कार्य का जायजा लिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि पाइपलाइन की टेस्टिंग पूर्ण होने के उपरांत साईट रेस्टोरेशन का कार्य आगामी 15 दिवस के भीतर पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्माण एजेंसी एवं नगर पालिका अधिकारियों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किए जाने का आश्वासन दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। ईएमएस / 13/05/2026