क्षेत्रीय
14-May-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले के दूरस्थ अंचलों में रहने वाले आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शासन-प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 16 मई को कोरबा जिले की लेमरू पंचायत में एक विशाल जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर की सबसे खास बात यह है कि इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने की प्रबल संभावना है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सीधे ग्राम लेमरू क्षेत्र में उतर सकता है। वहां से वे सीधे शिविर स्थल पहुंचेंगे और ग्रामीणों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें। उक्त समाधान शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें मुख्य रूप से राजस्व एवं पंचायत के मामले, स्वास्थ्य एवं पेयजल सुविधा, बिजली विभाग एवं राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि ग्रामीणों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सके। मुख्यमंत्री खुद इन स्टॉलों का निरीक्षण कर सकते हैं और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित कर सकते हैं। फिलहाल, लेमरू में शिविर को लेकर उत्साह का माहौल है और तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। - 14 मई