कल्याण, (ईएमएस)। मुंबई से सटे कल्याण में एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोबाइल पर लूडो खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक नाबालिग मामा ने अपने ही सगे भांजे की गला रेतकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, कल्याण पश्चिम के उंबर्डे कोलीवली इलाके में मामा और भांजा रात में घर पर मोबाइल पर लूडो खेल रहे थे। खेल के दौरान अगली चाल किसकी होगी, इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामूली विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि नाबालिग मामा बेहद गुस्से में आ गया। बताया जा रहा है कि भांजे द्वारा उसका दांव खेलने से आरोपी नाराज था। रात में जब घर के सभी लोग सो गए, तब आरोपी ने रसोई में रखी सब्जी काटने वाली चाकू उठाई और सो रहे भांजे पर हमला कर दिया। उसने भांजे का गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कल्याण के एसीपी अशोक होनमाने ने बताया कि आरोपी नाबालिग है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मोबाइल गेम को लेकर हुए गुस्से और आवेश में यह खौफनाक वारदात हुई। - १४ मई/२०२६/ईएमएस