वैशाली, (ईएमएस)। वैशाली जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहार एसटीएफ और वैशाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खबर है कि बिहार एसटीएफ एवं जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में विदुपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक युवक को अवैध आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आयुष कुमार झा के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ एक युवक मौजूद है। सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के पास से दो देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद हथियारों को जब्त कर लिया गया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाए गए थे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। संतोष झा- १४ मई/२०२६/ईएमएस