मिर्जापुर (ईएमएस)। राजकीय विपणन केंद्र मवई कला प्रथम, द्वितीय व तृतीय पर इस वर्ष गेहूं खरीद में रिकार्ड प्रगति दर्ज की गई है। अब तक 151 किसानों से कुल 6762 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। वहीं 490 किसानों से संपर्क कर टोकन जारी किए गए हैं और प्रत्येक कार्य दिवस में किसानों से खरीद की जा रही है। केंद्र प्रभारी शिवम सिंह व सुधीर कुमार यादव ने बताया कि गेहूं क्रय केंद्र मवई कला प्रथम पर 59 किसानों से 2047 क्विंटल 50 किलो, द्वितीय केंद्र पर 49 किसानों से 2322 क्विंटल तथा तृतीय केंद्र पर 53 किसानों से 2392 क्विंटल 50 किलो गेहूं की खरीद की गई है। किसानों की सुविधा के लिए प्रतिदिन टोकन के आधार पर खरीद की जा रही है और किसानों की सूची भी जारी की जा रही है।केंद्र प्रभारी ने बताया कि पिछले वर्ष पूरे सीजन में 14 हजार 158 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक 6762 क्विंटल खरीद हो चुकी है। मई और जून माह अभी शेष हैं, ऐसे में खरीद का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।उन्होंने बताया कि प्रचंड गर्मी, चिलचिलाती धूप तथा शादी-विवाह व मांगलिक कार्यक्रमों में व्यस्त होने के कारण किसान अभी पूरी क्षमता से अपना गेहूं क्रय केंद्र तक नहीं ला पा रहे हैं। इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा लगातार किसानों से संपर्क कर उन्हें केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।केंद्र प्रभारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे बिचौलियों और व्यापारियों के झांसे में न आएं, बल्कि स्वयं क्रय केंद्र पर पहुंचकर टोकन प्राप्त करें और शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं। शासन के निर्देशानुसार पूरी पारदर्शिता के साथ किसानों से सीधी खरीद की जा रही है। एजेंसी के चीफ रिपोर्टर शशि भूषण दुबे कंचनीय के हवाले से प्राप्त समाचार। - ईएमएस / 14 मई 26