राज्य
15-May-2026
...


खगड़िया, (ईएमएस)। खगड़िया जिले के पसरााहा थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक शिक्षिका समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कार, ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर से हुआ। मृतकों की पहचान खिराडीह पंचायत निवासी 34 वर्षीय शिक्षिका कुमारी रूबी, भागलपुर के नौगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत साहू परबत्ता गांव निवासी 38 वर्षीय नीतीश कुमार तथा झंझड़ा निवासी 35 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है। वहीं बाइक पर पीछे बैठे सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज खगड़िया सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही कार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान ट्रक के पीछे आ रही मोटरसाइकिल भी अचानक ब्रेक लगाने के कारण ट्रक से टकरा गई। घटना में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरे व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां शिक्षिका रूबी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि विकास कुमार को खगड़िया सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बताया गया है कि रूबी नारायणपुर स्थित मंडल टोला चकरामी मध्य विद्यालय में शिक्षिका थीं। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण वह अपने ससुराल से आना-जाना करती थीं। हादसे के समय वह भागलपुर की ओर जा रही थीं। उनके पति पटना में अपराध शाखा में इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत हैं और घटना के समय जांच के सिलसिले में उत्तर प्रदेश गए हुए थे। रूबी अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई हैं। संतोष झा- १५ मई/२०२६/ईएमएस