पटना, (ईएमएस)। बिहार की राजधानी पटना में आम लोगों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को इंडियन ऑयल द्वारा जारी नए रेट के अनुसार पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। नई दर लागू होने के बाद पटना में पेट्रोल की कीमत 109.65 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 93.49 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इससे पहले शहर में पेट्रोल 106.65 रुपये और डीजल 91.49 रुपये प्रति लीटर के करीब उपलब्ध था। अचानक हुई इस बढ़ोतरी से वाहन चालकों, नौकरीपेशा लोगों और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। ईंधन की कीमतों में इजाफे का असर केवल निजी वाहनों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ऑटो, बस, टैक्सी और माल ढुलाई सेवाओं पर भी पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि डीजल महंगा होने से माल भाड़ा बढ़ेगा, जिसका असर सब्जियों, अनाज और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतों पर दिखाई दे सकता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पहले से बढ़ती महंगाई के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों में यह बढ़ोतरी उनके मासिक बजट को प्रभावित करेगी। खासकर रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले कर्मचारी, छात्र और छोटे कारोबारी इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। लोगों ने सरकार से बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। संतोष झा- १५ मई/२०२६/ईएमएस