नई दिल्ली (ईएमएस)। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 का सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम 12 मुकाबलों में सिर्फ चार जीत दर्ज कर सकी और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या आलोचनाओं के घेरे में हैं, लेकिन भारत के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने साफ कहा है कि पूरी नाकामी का जिम्मेदार सिर्फ कप्तान को ठहराना गलत होगा। एक बातचीत के दौरान अश्विन ने कहा कि वह इस सीजन हार्दिक की कप्तानी का ज्यादा आकलन नहीं करना चाहते, क्योंकि टीम सामूहिक रूप से अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही। उनके मुताबिक जब पूरा सीजन खराब जाता है तो केवल कप्तान पर सवाल उठाना उचित नहीं होता। अश्विन ने कहा कि कोई भी खिलाड़ी लगातार आगे बढ़कर जिम्मेदारी नहीं निभा पाया और ऐसे में हार्दिक से अकेले सब संभालने की उम्मीद करना ज्यादा दबाव डालने जैसा है। अश्विन ने याद दिलाया कि हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटन्स के साथ दो शानदार सीजन बिताए थे, जिसमें एक बार टीम को खिताब दिलाया और दूसरे सीजन फाइनल तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि इससे साफ साबित होता है कि हार्दिक में नेतृत्व क्षमता है। हालांकि मुंबई इंडियंस में वापसी के बाद उन्हें बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। खासकर रोहित शर्मा जैसे सफल कप्तान की जगह लेना आसान नहीं था, जिन्होंने टीम को पांच आईपीएल ट्रॉफियां दिलाई हैं और भारतीय टीम को टी20 विश्व कप जिताया है। अश्विन ने यह भी कहा कि मौजूदा दौर में सोशल मीडिया का दबाव खिलाड़ियों के लिए चुनौती बन चुका है। उनके अनुसार बड़े खिलाड़ियों की जगह लेने वाले कप्तानों को मानसिक रूप से बेहद मजबूत होना पड़ता है। उन्होंने माना कि हार्दिक के कुछ फैसलों पर बहस हो सकती है, लेकिन कप्तानी हमेशा टीम के प्रदर्शन पर निर्भर करती है। पूर्व भारतीय गेंदबाज ने मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी को भी टीम की हार का बड़ा कारण बताया। उन्होंने कहा कि गेंदबाज लगातार रन लुटाते रहे और जब एक ओवर में छह-सात रन बचाए जाते थे, तो अगले ही ओवर में 15 रन चले जाते थे। अश्विन के मुताबिक ऐसे हालात में कप्तान के लिए रणनीति लागू करना बेहद मुश्किल हो जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह अच्छे सीजन में कप्तान को जरूरत से ज्यादा श्रेय नहीं देना चाहिए, उसी तरह खराब सीजन में पूरी जिम्मेदारी भी उसी पर नहीं डालनी चाहिए। डेविड/ईएमएस 16 मई 2026