खेल
20-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को विश्व के शीर्ष 10 प्रभावशाली एथलीटों की सूची में जगह मिली है। विराट को इसमें पांचवें नंबर पर रखा गया है। इस प्रकार विराट के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गयी है। इस प्रभावशली में विराट को शामिल किये जाने से भारत का गौरव भी बढ़ा है। इस सूची में पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो, अर्जेंटीना के लियोनन मैसी के अलावा बास्केटबॉल सहित कई खेलों के स्टार खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे में इस सूची मे जगह हासिल कर विराट ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उनका प्रभाव सिर्फ क्रिकेट मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि वह वैश्विक खेल जगत के सबसे बड़े चेहरों में शामिल हो चुके हैं। वह दुनिया के शीर्ष 10 एथलीटों की प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। विराट की ये उपलब्धि उनके साथ ही पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। इसका करण ये है कि फुटबॉल और बास्केटबॉल जैसे खेलों की वैश्विक लोकप्रियता क्रिकेट की तुलना में कहीं अधिक है। इसके बाद भी विराट ने अपनी शानदार बल्लेबाजी, अद्वितीय फिटनेस, आक्रामक खेल शैली और बेजोड़ सोशल मीडिया लोकप्रियता के बलपर इस विशिष्ट सूची में अपना स्थान बनाया है। उनका सूची में पांचवें स्थान पर होना इस बात का प्रमाण है कि उनका वैश्विक प्रभाव किसी भी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल या बास्केटबॉल स्टार से कम नहीं है। विराट की इस सफलता के पीछे उनकी मजबूत ब्रांड वैल्यू और विशाल सोशल मीडिया पहुंच की भी अहम भूमिका है। इंस्टाग्राम पर 27 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स के साथ, वह दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले क्रिकेटरों में से एक हैं, उनसे आगे केवल फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मैसी जैसे खिलाड़ी ही हैं। दुनिया की कई बड़ी कंपनियां उन्हें अपना ब्रांड एंबेसडर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करती हैं, जो उनकी व्यापक लोकप्रियता का सीधा संकेत है। उनकी फिटनेस के प्रति प्रतिबद्धता, खेल के प्रति समर्पण और अनुशासित जीवनशैली ने भारतीय युवाओं में एक नई ऊर्जा भरी है और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि विराट कोहली की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत चमक नहीं, बल्कि भारतीय खेल संस्कृति की बढ़ती वैश्विक पहचान का प्रतीक है। गिरजा/ईएमएस 20 मई 2026