खेल
20-May-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। पिछले काफी समय से भारतीय टीम में वापसी का प्रयास कर रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर झटका लगा है। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और एकदिवसीय सीरीज के लिए उन्हें टीम में जगह नहीं मिली है। इससे साफ है कि अब उनका अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो गया है। इसका अंदाज चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर के बयान से होता है। अगरकर का कहना है कि चयनसमिति की बैठक में शमी के नाम पर बात तक नहीं हुई थी। अगरकर ने कहा, हां, वह लगातार घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं पर हमें बताया गया है कि इस समय वह टी-20 क्रिकेट के लिए तैयार हैं, इसलिए शमी को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। अगरकर की इस टिप्पणी से प्रशंसकों और क्रिकेट विशेषज्ञों ने हैरानी जताय है। उनका मानना है कि एक अनुभवी गेंदबाज जो विभिन्न प्रारूपों में अपनी क्षमता साबित कर चुका है, उसे अचानक केवल एक प्रारूप तक के लिए सीमित किसी प्रकार से किया जा सकता है। यह बात इसलिए भी तर्कसंगत नहीं लगती है क्योंकि शमी ने हाल में घरेलू रणजी सत्र में शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद भी उनकी उपेक्षा समझ से परे है। उन्होंने बंगाल के लिए महत्वपूर्ण विकेट लिए थे। इससे पहले भी उन्हें दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के साथ-साथ हाल ही में टी-20 विश्व कप स्क्वॉड में भी जगह नहीं मिली थी, जिसने उनके भविष्य पर पहले ही सवाल खड़े कर दिए थे। अब ऐसा लगता है कि चयनकर्ता उनसे आगे बढ़ गये हैं और उनका लक्ष्य अब युवाओं को ही अवसर देना है। शमी जैसे विश्व स्तरीय गेंदबाज का इस तरह से हाशिये पर चले जाना भारतीय क्रिकेट के लिए एक चिंता का विषय है। एक खिलाड़ी जिसने देश के लिए इतने बड़े मंच पर असाधारण प्रदर्शन किया हो, उसे बिना किसी स्पष्ट कारण के नजरअंदाज करना, खासकर अगरकर के कार्यकाल में, कई सवालों को जन्म देता है। ऐसा लगता है कि शमी का अंतरराष्ट्रीय करियर अब एक ऐसे चौराहे पर आ खड़ा हुआ है, जहां से उनकी टीम में वापसी असंभव दिख रही है। गिरजा/ईएमएस 20 मई 2026