भोपाल(ईएमएस)। कजलीखेड़ा गांव में पड़ोसी के कुत्ते द्वारा 11 के बच्चे को काटने की घटना में पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। बताया गया है की जब बच्चे के पिता ने कुत्ते के मालिक को इलाज कराने का कहा तो वह गुस्सा हो गया और उसने इलाज कराने से इंकार कर दिया। तब बच्चे के पिता ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामदीन वाल्मीकि कजलीखेड़ा गांव में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले मनोज ने कुत्ता पाल रखा है। कुत्ता खूंखार है, और आने-जाने पर भौंकता और लपकता है। रामदीन का 11 साल का बेटा शुक्रवार दोपहर घर के बाहर खेल रहा था। तभी मनोज का कुत्ता उस पर लपक गया और हाथ में बुरी तरह से काट लिया। रामदीन ने जब मनोज से कुत्ते को संभालकर रखने और अपने बच्चे का इलाज कराने को कहा। तब मनोज भड़क गया और उसने इलाज का खर्च उठाने से मना कर दिया। इसके बाद वह थाने पहुचां जहॉ मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है। जुनेद / 17 मई