- नशे में उत्पात मचा रहा था आरोपी, सास-बहू ने किया था हंगामा करने से रोकने का प्रयास भोपाल(ईएमएस)। नजीराबाद थाना क्षेत्र स्थित गांव बागसी में शराब पीकर हंगामा कर रहे युवक को रोकना सास-बहू को महंगा पड़ गया। गुस्साये बदमाश ने पहले तो उनके साथ झूमाझटकी कर दुर्व्यवहार किया और फिर घर से कुल्हाड़ी लाकर सास-बहू पर प्राणघातक हमला कर दिया। घटना शुक्रवार शाम की है, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हमले में बहू की कनपटी के पास कुल्हाड़ी लगने से गंभीर चोट आई है, जबकि सास के माथे पर भी कुल्हाड़ी की घातक चोट है। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत देखते हुए हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक ग्राम रुनाहा के आगे जाकर स्थित ग्राम बागसी में भागवती बाई (50) और उसकी बहू राधाबाई (22) परिवार के साथ रहती हैं। पड़ोस में रंगलाल अहिरवार रहता है, उसे शराब पीने की लत है। और वो रोजाना ही शराब पीकर उनके घर के सामने उत्पात मचाता है। शुक्रवार दोपहर से ही रंगलाल ने शराब पी ली थी। वह गाली-गलौज कर रहा था। दोपहर से शाम तक वह हंगामा करता रहा। परेशान होकर भागवती बाई ने उसे समझाने का प्रयास किया। इस पर उसने भागवती बाई से झूमाझटकी कर दी। सास से झूमाझटकी होती देख बहू राधा बाई बीच बचाव करने पहुंची। इस पर आरोपी दौडक़र अपने घर से कुल्हाड़ी ले आया। सास-बहू कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी ने कुल्हाड़ी से दोनों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। राधा बाई की कनपटी पर गहरा घाव होने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि भागवती बाई को भी चोट आई है। घटना के बाद आसपास के लोग राधाबाई और भागवती बाई को लेकर अस्पताल पहुंचे वहां गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना पुलिस ने बताया की मामला दर्ज कर आरोपी रंगलाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जुनेद / 17 मई