राज्य
17-May-2026


भोपाल(ईएमएस)। स्टेशन बजरिया थाना इलाके में स्थित करारिया फार्म क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की रात दामाद ने पत्नि की विधवा बहन के पेट में चाकू घोंपकर मौत के घाट उतारने का प्रयास किया। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजूक बनी हुई है। घटना का कारण आरोपी का अपनी पत्नी से होने वाला विवाद बताया जा रहा है। घायल महिला ने अक्सर झगड़ा करने पर उसे फटकार लगाई थी, इससे गुस्सा होकर आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पुलिस ने उसकी धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिये है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से जिला कटनी निवासी राजकुमारी नागवंशी पत्नी स्व. बच्चू नागवंशी (35) अपने दो बच्चों के साथ करारिया फार्म में किराए के मकान में रहती हैं। करीब नौ माह पूर्व वह मंडीदीप से रहने यहां आई हैं, और प्राइवेट काम कर अपने परिवार का गुजारा करती हैं। उनके साथ उनकी छोटी बहन और उसका पति राजा उर्फ दशरथ नागवंशी भी अपने एक बच्चे के साथ रहता है। दशरथ अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी से झगड़ा करता था। शुक्रवार रात भी उसका पत्नी से झगड़ा हुआ था। पत्नी से मारपीट करने के बाद वह बाहर चला गया। छोटी बहन ने यह बात अपनी बड़ी बहन राजकुमारी को बताई। कुछ देर बाद जब दशरथ नागवंशी वापस लौटा तो राजकुमारी ने उसे फटकार लगा दी। बताया जा रहा है कि इससे नाराज होकर दशरथ उर्फ राजा अपनी पत्नी व बेटे को लेकर घर से निकल गया। वह पत्नी-बच्चे को नादरा बस स्टैंड पर छोडक़र आया और करारिया फार्म पर आकर अपनी पत्नि की विधवा बहन राजकुमारी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस का कहना है की पेट में चाकू लगने से राजकुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपी राजा उर्फ दशरथ फिलहाल पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है, जिसकी तलाश की जा रही है। जुनेद / 17 मई