जिले में रात 9 बजे से 2 बजे तक चला अभियान जबलपुर (ईएमएस)। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा विशेष कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। यह अभियान 16 मई 2026 की रात 9 बजे से 17 मई 2026 की रात 2 बजे तक शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। जिले के सभी थाना प्रभारियों, एसडीओपी एवं पुलिस अधिकारियों की टीमों ने शहर और देहात क्षेत्रों में दबिश देकर कई वर्षों से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा गठित विशेष टीमों में थाना प्रभारी स्वयं शामिल रहे, जबकि अन्य टीमों का नेतृत्व उप निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों ने किया। कांबिंग गश्त के दौरान कुल 205 वारंट तामील किए गए। इनमें 106 गैर म्यादी वारंट, 55 गिरफ्तारी वारंट तथा 44 जमानती वारंट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अधिकांश आरोपी लंबे समय से फरार थे और लगातार ठिकाने बदलकर कानून से बचने का प्रयास कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और कानून का पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की गई। देर रात घूमने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। सुनील साहू / शहबाज / 17 मई 2026 / 07.00