राष्ट्रीय
17-May-2026


पटना (ईएमएस)। बिहार में निवेश को लेकर अदाणी ग्रुप ने बड़ा ऐलान किया है. समूह के चेयरमैन गौतम अदानी ने रविवार को कहा कि अगले तीन से चार वर्षों में बिहार के इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास पर 50 हजार करोड़ से 60 हजार करोड़ रुपये तक का निवेश किया जाएगा। उन्होंने यह घोषणा सारण जिले के मस्तीचक में ‘अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल- अदाणी सेंटर फॉर आई डिजीज’ के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान की। गौतम अदाणी ने कहा कि बिहार तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और अब राज्य की ग्रोथ का समय आ चुका है. उन्होंने कहा कि बिहार में सड़क, बिजली, उद्योग और आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की काफी जरूरत है और अदाणी ग्रुप राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिहार देश की आर्थिक प्रगति में बड़ी भागीदारी निभा सकता है। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि भागलपुर जिले के पीरपैंती में 2400 मेगावाट के बड़े पावर प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा सड़क परियोजनाओं पर भी समूह लगातार निवेश कर रहा है। अदाणी ने कहा कि बिहार की जनता को इस विकास के दौर का पूरा लाभ उठाना चाहिए। कार्यक्रम में अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन और उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं. इस दौरान गौतम अदाणी ने बिहार की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मस्तीचक की पावन धरती पर आकर उन्हें गर्व और खुशी महसूस हो रही है। गायत्री शक्तिपीठ के दर्शन और गायत्री मंत्र के जाप से उन्हें मानसिक शांति मिली है। उन्होंने कहा कि बिहार की यह भूमि समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है। चन्द्रबली सिंह / 17/05/2026