राष्ट्रीय
17-May-2026


मलकानगिरी (ईएमएस)। ओडिशा के मलकानगिरी जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां भीषण गर्मी और बिजली संकट के कारण एक पोल्ट्री फार्म में 5,300 से अधिक मुर्गियों की मौत हो गई। इस घटना ने न सिर्फ प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में बिजली और ईंधन आपूर्ति की गंभीर स्थिति भी उजागर कर दी है. घटना में फार्म मालिक को करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक, जिले के एक बड़े पोल्ट्री फार्म में अचानक ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया, जिससे पूरे इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई। पोल्ट्री फार्म में तापमान नियंत्रित रखने के लिए लगातार बिजली की जरूरत होती है, क्योंकि मुर्गियों को अत्यधिक गर्मी से बचाने के लिए कूलिंग और वेंटिलेशन सिस्टम लगातार चलते रहते हैं। बिजली बंद होते ही फार्म के अंदर गर्मी तेजी से बढ़ने लगी। स्थिति संभालने के लिए फार्म मालिक ने डीजल जनरेटर चलाने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय पेट्रोल पंपों पर डीजल की कमी ने परेशानी और बढ़ा दी। फार्म मालिक का आरोप है कि आपात स्थिति बताने के बावजूद पेट्रोल पंप संचालकों ने बैरल में डीजल देने से मना कर दिया। डीजल नहीं मिलने के कारण जनरेटर चालू नहीं हो सका और पूरा सिस्टम बंद पड़ा रहा। बिजली और वेंटिलेशन दोनों बंद होने से फार्म के अंदर तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। गर्मी और घुटन के कारण हजारों मुर्गियां तड़प-तड़प कर मर गईं। बताया जा रहा है कि मृत मुर्गियों का कुल वजन करीब 12 टन था। घटना के बाद फार्म मालिक ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और जांच की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोग इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बता रहे हैं। चन्द्रबली सिंह / 17/05/2026