राज्य
17-May-2026


पटना, (ईएमएस)। पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के डुमरी फोरलेन के पास रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान दानापुर पेठिया बाजार निवासी 24 वर्षीय साहिल कुमार के रूप में हुई है, जो रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़ा था। वहीं घायल युवक उसका मित्र प्रिंस कुमार है। बताया जा रहा है कि साहिल अपने दोस्त प्रिंस के साथ नालंदा जिले के नगरनौसा से बाइक द्वारा दानापुर लौट रहा था। घायल प्रिंस के अनुसार, बाइक साहिल चला रहा था और वह पीछे बैठा था। जैसे ही उनकी बाइक डुमरी फोरलेन के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात बड़े वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक का चक्का सड़क पर गिरे साहिल के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं प्रिंस सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल प्रिंस को पीएमसीएच रेफर किया गया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एनएमसी पटना भेज दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। संतोष झा- १७ मई/२०२६/ईएमएस