पटना, (ईएमएस)। बिहार में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। खासकर स्कूली बच्चों को तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच स्कूल आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पटना जिला प्रशासन ने निजी और सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। जिला दंडाधिकारी त्यागराजन एसएम के आदेश के अनुसार, पटना जिले में प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों सहित कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में अब कक्षाएं सुबह 11 बजे तक ही संचालित की जाएंगी। 11 बजे के बाद किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन द्वारा जारी आदेश 18 मई से 21 मई तक प्रभावी रहेगा। आदेश में कहा गया है कि दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। इसी वजह से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत यह निर्णय लिया गया है।जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे इस आदेश के अनुरूप अपनी शैक्षणिक गतिविधियों और समय-सारणी को पुनर्निर्धारित करें। प्रशासन ने स्कूलों से बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील भी की है। संतोष झा- १७ मई/२०२६/ईएमएस