नई दिल्ली (ईएमएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेकर बड़ा हमला किया है। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक और सीबीएससी के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सिस्टम से छात्रों को होने वाली परेशानी को लेकर राहुल गांधी ने हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा मंत्रालय अब आपदा विभाग बन गया है। राहुल ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, पहले नीट पेपर लीक, जिससे 22 लाख छात्र प्रभावित हुए। फिर सीबीएससी के 12वीं के छात्रों को एक खराब ओएसएम सिस्टम के कारण उम्मीद से कम नंबर मिले, जिससे कई छात्रों को कॉलेज में दाखिला नहीं मिलेगा। अब सीबीएससी 9वीं के लाखों छात्रों से अचनाक 1 जुलाई से एक नई भाषा सीखने को कह रहा है, जबकि न तो कोई शिक्षक हैं और न ही किताबें। उन्होंने आरोप लगाया कि 14 साल के बच्चों को अस्थायी समाधान के तौर पर 6वीं क्लास की किताबें थमा दी गईं. राहुल ने कहा, तीन एग्जाम. तीन आयु वर्ग. एक मंत्री. धर्मेंद्र प्रधान जी सिर्फ एक बार फेल नहीं हुए हैं। वे भारत के छात्रों के हर आयु वर्ग को एक साथ फेल कर चुके हैं. हर घोषणा छात्रों को अनिश्चितता के गहरे भंवर में धकेल देती है. राहुल ने कहा कि हर बार कोई सजा नहीं मिलती. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय अब आपदाओं का विभाग बन गया है। इससे पहले शनिवार को भी राहुल गांधी ने X पर एक पोस्ट कर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग करते हुए कहा था कि धर्मेंद्र प्रधान जी को इस्तीफा देने को कहें और जो दोषी हैं, उन्हें पकड़कर जेल में डाला जाए। चन्द्रबली सिंह / 17/05/2026