राज्य
17-May-2026
...


:: आज शाम को होगा एशियन जूनियर अंडर-12 टेनिस टूर्नामेंट का रंगारंग शुभारंभ :: इंदौर (ईएमएस)। म.प्र. टेनिस संघ द्वारा आयोजित तथा पाथ फाउंडेशन व मोयरा सरिया द्वारा प्रायोजित पुनित मेमोरियल एशियन जूनियर अंडर-12 इंदौर ओपन टेनिस टूर्नामेंट का रोमांच शुरू हो गया है। इंदौर टेनिस क्लब में खेले गए क्वालीफाइंग दौर के मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के वी. व्यंकटेश, कीयान बंसल, शास्वत पटेल, विवान गांधी, यशेष तनेजा और अक्षज कुमार ने जीत हासिल कर मुख्य दौर (मेन ड्रा) में अपनी जगह पक्की कर ली है। मुख्य दौर के कड़े मुकाबले सोमवार (18 मई) से शुरू होंगे। क्वालीफाइंग दौर के मुकाबलों में भारत के वी. व्यंकटेश ने जी. इंद्रकांती को सीधे सेटों में 6-1, 6-1 से आसानी से शिकस्त दी। वहीं एक अन्य दिलचस्प मुकाबले में कीयान बंसल ने आरव जैन को कड़े संघर्ष में 7-6(4), 6-4 से मात दी। पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन कीयान ने अपनी दमदार सर्विस और उम्दा प्लेसमेंट के दम पर बाजी मार ली। इसके अलावा शास्वत पटेल ने रेयांश पटेल को 6-1, 6-1 से, विवान गांधी ने आद्यांत गुप्ता को 6-0, 6-3 से, यशेष तनेजा ने ईशान शर्मा को 6-0, 6-3 से तथा सी. अक्षज कुमार ने ग्रीतिक को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-0 से हराकर मुख्य दौर में प्रवेश किया। इस प्रतिष्ठित एशियन जूनियर टेनिस टूर्नामेंट का विधिवत और रंगारंग शुभारंभ सोमवार शाम 5.30 बजे होगा। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि पाथ फाउंडेशन की निदेशक नीति अग्रवाल होंगी। इस विशेष अवसर पर म.प्र. टेनिस संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। हालांकि, कोर्ट पर खिलाड़ियों के बीच मुकाबले सुबह के सत्र से ही प्रारंभ हो जाएंगे। गौरतलब है कि इस स्तर का टूर्नामेंट पहली बार इंदौर शहर में आयोजित किया जा रहा है। :: नॉक आउट नहीं होगा टूर्नामेंट, अंतिम दिन तक खेलेंगे खिलाड़ी :: टूर्नामेंट डायरेक्टर अर्जुन धूपर ने बताया कि इस एशियन रैंकिंग टूर्नामेंट की सबसे खास बात यह है कि यह नॉक आउट आधार पर नहीं खेला जाएगा। इसमें भाग लेने वाले हर खिलाड़ी को अपनी अंतिम पोजीशन हासिल करने के लिए प्रतियोगिता के आखिरी दिन तक मैच खेलने का मौका मिलेगा। :: एशियाई रैंकिंग सुधारने का सुनहरा मौका :: टूर्नामेंट में एकल (सिंगल्स) व युगल (डबल्स) बालक-बालिका वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। मुख्य दौर के मैच 18 मई से 22 मई 2026 तक चलेंगे। जूनियर खिलाड़ियों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है, क्योंकि इसके माध्यम से उन्हें अपनी एशियाई रैंकिंग अंक (एशियन रैंकिंग पॉइंट्स) हासिल करने और उसमें सुधार करने का बड़ा अवसर मिलेगा। प्रकाश/17 मई 2026