राज्य
17-May-2026
...


:: देवास हादसे और भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन सख्त – एसडीएम और एसडीओपी ने संयुक्त कार्रवाई कर की बड़ी तालाबंदी :: इंदौर (ईएमएस)। देवास जिले में स्थित पटाखा फैक्ट्री में पिछले दिनों हुई दुर्घटना और वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए इंदौर जिला प्रशासन बेहद सतर्क हो गया है। आमजन और श्रमिकों की सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी शिवम वर्मा ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित पटाखा गोदामों तथा फैक्ट्रियों की सघन जांच सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के इन निर्देशों के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के अमले ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस जांच पड़ताल के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से तीन बड़ी पटाखा फैक्ट्रियों को सील करने की कार्रवाई की है। :: इन फैक्ट्रियों पर लटके ताले :: प्रशासनिक अमले द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई के तहत जिन तीन पटाखा निर्माण इकाइयों को सील किया गया है, उनमें दातोदा स्थित लक्ष्मी फायर वर्क एंड इंडस्ट्री, सिमरोल स्थित सतनाम फायर वर्क तथा घोसीखेड़ा स्थित फटका मैन्युफैक्चरिंग शामिल हैं। इन तीनों ही स्थानों पर प्रबंधन द्वारा सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही थी। :: नियमों को ताक पर रखकर हो रहा था काम :: कलेक्टर के आदेश पर महू एसडीएम और एसडीओपी ने पुलिस व प्रशासनिक अमले के साथ इन पटाखा इकाइयों का संयुक्त निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर पाया गया कि इन फैक्ट्रियों में शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों और गाइडलाइन के अनुरूप निर्माण कार्य नहीं हो रहा था। सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि यहां आगजनी से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाएं बेहद लचर थीं और वहां काम करने वाले मजदूरों की जान की सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। इन जानलेवा कमियों को देखते हुए अधिकारियों ने इकाइयों को तत्काल बंद करवाकर सील कर दिया। :: लगातार जारी रहेगी जांच कार्रवाई :: जिला प्रशासन के अनुसार, पटाखा व्यवसायों और फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलेभर में पटाखा गोदामों, दुकानों और निर्माण इकाइयों के निरीक्षण एवं आकस्मिक जांच का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रकाश/17 मई 2026