:: बोले- संचार क्रांति ने दूरियां समेटकर विश्व को बनाया एक परिवार, जीवन हुआ सहज :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व दूरसंचार दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में संचार क्रांति ने विभिन्न माध्यमों के जरिए भौगोलिक दूरियों को पूरी तरह समेट दिया है। इसने पूरे विश्व को एक सूत्र में पिरोकर एक बड़े परिवार (वसुधैव कुटुंबकम) के रूप में तब्दील कर दिया है, जिससे मानव जीवन बेहद सहज और सुगम हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस विशेष अवसर पर दुनिया को तकनीक की सौगात देने वाले मनीषियों को भी याद किया। उन्होंने संचार माध्यमों के विकास और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले महान वैज्ञानिकों को नमन करते हुए उनके प्रति गहरा सम्मान व कृतज्ञता व्यक्त की। प्रकाश/17 मई 2026