लखनऊ (ईएमएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने कैबिनेट में शामिल सभी 8 मंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए प्रशासनिक और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की है। लंबे इंतजार के बाद जारी इस सूची में वरिष्ठ नेताओं के अनुभव, जातीय समीकरण और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का विशेष ध्यान रखा गया है। सरकार द्वारा जारी विभागीय सूची के अनुसार, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मनोज पांडेय को खाद्य एवं रसद विभाग दिया गया है। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के अनुभव का फायदा सरकार को प्रशासनिक कामकाज में मिलेगा। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर अजीत सिंह पाल को खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग सौंपा गया है। वहीं सोमेंद्र तोमर को सैनिक कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल विभाग की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा राज्य मंत्री के रूप में कृष्णा पासवान को पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग, कैलाश सिंह राजपूत को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, सुरेंद्र दिलेर को राजस्व विभाग और हंसराज विश्वकर्मा को MSME विभाग में जिम्मेदारी दी गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विभागों के इस बंटवारे से सरकार के कामकाज में तेजी आएगी। खासतौर पर MSME, ऊर्जा और खाद्य एवं रसद जैसे अहम विभागों में नई नियुक्तियों से विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मंत्रियों को नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रशासन और जनहित में कार्य करने का संदेश दिया है। चन्द्रबली सिंह / 17/05/2026