राज्य
19-May-2026
...


नरसिंहपुर,(ईएमएस)! नागरिकों को आधार सेवाओं का सुलभ और त्वरित लाभ दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आधार सेवाओं की गुणवत्ता और विभिन्न विभागों के समन्वय पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास), इंडिया पोस्ट एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के जिला प्रमुख उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बच्चों के लिए विशेष एमबीयू कैंप आयोजित करने के लिए रूप रेखा बनाने के लिए शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि माह जून एवं जुलाई 2026 में जिले के समस्त विद्यालयों में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने आयोजित बैठक में तहसील स्तर पर 18 वर्ष से अधिक आयु के लंबित नामांकन और 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल निराकृत करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग को जिले की सभी आधार मशीनों को तत्काल क्रियाशील कर नियमित सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लॉक स्तर पर एक माह की समय सीमा के भीतर आधार केंद्रों की स्थापना की जाए। बैठक में राज्य परियोजना प्रबंधक यूआईडीएआई श्री निकेत दीवान ने बताया कि 5 और 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य है, ताकि उन्हें छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कोई असुविधा न हो। बैठक के पश्चात यूआईडीएआई दिल्ली के परियोजना प्रबंधक श्री निकेत दीवान ने जिले के आधार ऑपरेटरों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया। इस दौरान जिला ई-गवर्नेंस टीम ने ऑपरेटरों को सुचारू संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रशिक्षण में नामांकन के दौरान होने वाली त्रुटियों को शून्य करने और नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 19 मई 2026