:: नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए 330 करोड़ की माइक्रो डेवलपमेंट योजना लागू; मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में साझा की उपलब्धियां :: रायपुर/बस्तर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश की सुशासन यात्रा और जनकल्याणकारी उपलब्धियों का गौरवशाली विवरण प्रस्तुत किया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश ने केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा से पहले नक्सलवाद की समस्या को समाप्त करने में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिलों में सरकार की विशेष रणनीति रंग लाई है। उन्होंने बताया कि इस दौरान अनेक इनामी नक्सलवादियों ने मुख्यधारा में लौटने के लिए समर्पण किया, वहीं सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कई नक्सल तत्वों का सफाया भी हुआ। सरकार द्वारा जवानों को दिए गए प्रोत्साहन और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में किए गए विशेष प्रयासों ने जनता के मन में शासन के प्रति अटूट विश्वास पैदा किया है। मुख्यमंत्री ने नक्सल मुक्त भारत के संकल्प के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के प्रति पूरे प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। :: 330 करोड़ की माइक्रो डेवलपमेंट योजना से बदलेगी तस्वीर :: नक्सलवाद के साये से मुक्त हुए क्षेत्रों के कायाकल्प के लिए प्रदेश सरकार ने नई कार्ययोजना तैयार की है। डॉ. यादव ने बताया कि नक्सल प्रभावित रहे गांवों के विकास के लिए 330 करोड़ रुपये की माइक्रो डेवलपमेंट योजना लागू की गई है। इसके अंतर्गत सुदूर अंचलों में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, पुलों का निर्माण किया जा रहा है और मोबाइल टावरों की स्थापना के साथ-साथ सुरक्षा की नई और मजबूत व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि विकास की रोशनी अंतिम छोर तक पहुंच सके। :: सुशासन पर मंथन, विकास की साझा रणनीति :: मध्य क्षेत्रीय परिषद की इस महत्वपूर्ण बैठक में सुशासन, जनकल्याण, सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास जैसे अहम विषयों पर व्यापक मंथन हुआ। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मेजबान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित थे। मध्य प्रदेश की ओर से संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी बैठक में सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक में सहकारिता, साइबर सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास, डिजिटल अधोसंरचना और दूध उत्पादन जैसे क्षेत्रों में मध्य प्रदेश की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों में और अधिक नवाचार किए जाएंगे ताकि मध्य प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर सके। प्रकाश/19 मई 2026