:: 20-21 मई को सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और स्थिरता विषय पर जुटेगी ब्रिक्स देशों की युवा शक्ति :: इंदौर (ईएमएस)। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के गौरवपूर्ण वर्ष 2026 में इंदौर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा 20 और 21 मई को शहर में ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह की बैठक आयोजित की जाएगी। सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण के व्यापक विषय पर केंद्रित इस आयोजन में ब्रिक्स सदस्य देशों के युवा उद्यमी और प्रतिनिधि एक मंच पर जुटेंगे। यह आयोजन नवाचार और सतत विकास के मुख्य चालक के रूप में युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भारत के निरंतर प्रयासों को प्रदर्शित करेगा। :: केंद्रीय मंत्री मांडविया वर्चुअली जुड़ेंगे, राज्य मंत्री रक्षा खडसे करेंगी उद्घाटन :: दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। कार्य समूह की बैठक के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे करेंगी। वे इस दौरान प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के साथ-साथ उद्घाटन भाषण भी देंगी। सत्र में मध्य प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग और युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल भी विशेष रूप से उपस्थित रहकर अपने विचार व्यक्त करेंगी। :: डिजिटल नवाचार और समावेशिता पर होगा विशेष जोर :: इस बैठक में संरचित चर्चाओं और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से ब्रिक्स देशों में युवा नेतृत्व वाले उद्यमिता परितंत्र को मजबूती प्रदान करने पर संवाद किया जाएगा। कार्यक्रम में डिजिटल नवाचार, समावेशिता और स्थिरता जैसे विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे, जो अंतर-देशीय शिक्षण और सहभागिता के नए द्वार खोलेंगे। यह बैठक युवा उद्यमियों को अपने अनुभव साझा करने, साझेदारी के अवसर तलाशने और आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगी। साथ ही, यह ब्रिक्स देशों में आर्थिक विकास और सामाजिक प्रभाव को नई गति देने पर एक साझा समझ विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी। यह पहल ब्रिक्स की अध्यक्षता के दौरान युवाओं की भागीदारी को सुदृढ़ करने और सार्थक अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। प्रकाश/19 मई 2026