19-May-2026
...


एआई और ड्रोन तकनीक आधारित आधुनिक पाठ्यक्रम विकसित करने के निर्देश कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा की समीक्षा की भोपाल (ईएमएस)। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिले की सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आई.टी.आई.) में स्किल गैप का सूक्ष्मता से आंकलन कर उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक एवं रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी परिवेश को देखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन तकनीक तथा अन्य नवीनतम तकनीकों पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित किए जाएं,ताकि युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाया जा सके। कलेक्टर श्री मिश्रा की अध्यक्षता में सरदार वल्लभभाई पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के सभाकक्ष में जिला कौशल विकास समिति, शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय की जनभागीदारी एवं प्रबंध समिति तथा सरदार वल्लभभाई पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के संचालक मंडल की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती इला तिवारी, महाविद्यालय के प्राचार्य के.वी. राव सहित संबंधित अधिकारी एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप व्यावसायिक शिक्षा को अधिक व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुख बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने जिले के सभी निजी आई.टी.आई. संस्थानों की अधोसंरचना एवं कार्यप्रणाली का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों को “ऑन द जॉब ट्रेनिंग” के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न औद्योगिक संस्थानों से समन्वय स्थापित करने को कहा। बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना एवं अप्रेंटिसशिप कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि “युवा संगम” पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास वृद्धि एवं संवाद कौशल को मजबूत करने हेतु विशेष कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी बैठकों में छात्र प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि जमीनी स्तर की आवश्यकताओं का सही आकलन किया जा सके। इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक अर्जित करने वाले विनीत शर्मा की उपलब्धि पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आगामी कौशल प्रतियोगिताओं एवं जिला कौशल विकास समिति की बैठक ग्लोबल स्किल्स पार्क में आयोजित करने का सुझाव भी दिया। बैठक में तकनीकी संस्थानों की अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण पर विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित सॉफ्टवेयर अपडेटेड लाइब्रेरी, उन्नत स्मार्ट कक्षाओं एवं स्वच्छ प्रसाधन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थागत क्रय प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता एवं भंडार क्रय नियमों के पालन पर विशेष बल दिया। महिला छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा छात्राओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही तकनीकी संस्थानों के पुस्तकालयों को शाम के समय न्यूनतम शुल्क पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी खोलने का अभिनव सुझाव दिया गया, जिससे युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके। कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नियमित करियर काउंसलिंग एवं गाइडेंस सत्र आयोजित करने के भी निर्देश दिए।